Monday, September 7, 2026

शहर में माँ

माँ इन दिनों शहर में है।

‘किसकी माँ ?’

हां, ये प्रश्न अच्छा है!

‘किसकी माँ’

वह किसी की भी माँ हो सकती है।  माँ तो सार्वजनीन है…वह तो हर जगह हर काल में और हर युग में है। उसका विस्तार धरा से नभ तक है; वह किसी की भी माँ हो सकती है। मुद्दा यह है कि माँ इन दिनों शहर में है। माँ मेरे ठीक सामने वाले घर में आई है; वैसे इससे कोई  फर्क नहीं पड़ता, माँ किसी भी घर में आ सकती है। महत्वपूर्ण बात यह है कि माँ शहर में है मुझे तो ऐसा लगता है कि माँ शहर में नहीं बल्कि सारा शहर माँ में है।

मैंने सुबह-सवेरे दरवाज़ा खोला तो सामने  देखा कि माँ तंग-सी बालकनी में बैठी थी। उसने दोनों हाथों से सीख़चों को थाम रखा था। मैंने देखा उसकी नज़रें नीचे सड़क पर थीं। सड़क पर आवाजाही नहीं थी मगर माँ की नज़रें फिर भी सड़क पर थीं। मुझे लगा माँ ने इसे दिनचर्या का एक ज़रूरी हिस्सा बना लिया है; किसी राहगीर के आने और, किसी वाहन के चले जाने को और फिर इसके बाद सड़क के मौन हो जाने को निहारना और फिर इन दोनों यानी आने और न आने के बीच आने का इंतज़ार करना! माँ ने दरअसल वह दौर पार कर लिया था जब सोच का वृत्त काफी बड़ा होता है और उसमे बहुत सारी  ज़रूरी और गैरज़रूरी चीज़ें समां जाती हैं।

मुझे शेक्सपियर याद आते हैं--

 विश्व एक रंगमंच है,

और इसमें रहनेवाले स्त्री और पुरुष महज खिलाड़ी,

जिन्हें  इस मंच पर आना और  जाना है।

इस मंच पर एक व्यक्ति अपने समय में अनेक भूमिकाओं में है,

वह उम्र के सात पड़ावों को जी रहा है.

प्रथम , एक शिशु , किसी परिचारिका की बाँहों में कुनमुनाता  और वमन करता हुआ,;

फिर रुदन करता वह  स्कूली बालक,

सुबह दमकता  चेहरा लिए,

रेंगता हुआ किसी घोंघे की तरह,

अनमना सा स्कूल को;

और फिर वह प्रेमी,

किसी अग्निकुंड सा दहकता,

अपनी प्रेयसी की कमानीदार भौहों पर थिरकता;,

और फिर एक सिपाही

अनूठी प्रतिज्ञाओं से लैस और घनी मूंछों के साथ,

अपने ही सम्मान के द्धेष में,

हमेशा  युद्ध को तत्पर , तोप  के मुहाने पर खड़ा बुलबुले  सा प्रतिष्ठा की  चाहना में;

और उसके बाद वह न्यायाग्रही,

अपनी स्थूल पसरी हुई काया  में,

गंभीर आँखों और सधी हुई दाढ़ी में,

नेक सलाह और अनेक दृष्टांतों से लैस,

 अपनी भूमिका अदा करता हुआ;

फिर आती है छठी  अवस्था;

क्षीण काया, जिसपर कि पतलून भी न टिक पाए,

नाक पर ऐनक चढ़ाए हुए और बगल में पोटली के साथ,

सहेज कर रखी गयी उसकी पोशाकें, जो कभी उसने कमउम्र में पहनीं थीं,

अब उसकी सिकुड़ती  देह पर टिक भी नहीं पातीं;

और उसकी  बुलंद आवाज़ जो अब  बदल  गयी है,

बच्चे की तीखी, धारदार किलकारी में;

और सबसे आखिर में,

जो घटनाओं से भरे हुए एक पूरे  इतिहास को मिटाने  वाला होता है,

सिर्फ दूसरा बचपन  होता है;

जब उसके पास कुछ भी नहीं बचता,

न वे दांत, न वे आंखें, और न वह स्वाद

सब  कुछ ख़त्म हो जाता है !

  All the world's a stage,

And all the men and women merely players;

They have their exits and their entrances,

And one man in his time plays many parts,

His acts being seven ages. At first, the infant,

Mewling and puking in the nurse's arms.

Then the whining schoolboy, with his satchel

And shining morning face, creeping like snail

Unwillingly to school. And then the lover,

Sighing like furnace, with a woeful ballad

Made to his mistress' eyebrow. Then a soldier,

Full of strange oaths and bearded like the pard,

Jealous in honor, sudden and quick in quarrel,

Seeking the bubble reputation

Even in the cannon's mouth. And then the justice,

In fair round belly with good capon lined,

With eyes severe and beard of formal cut,

Full of wise saws and modern instances;

And so he plays his part. The sixth age shifts

Into the lean and slippered pantaloon,

With spectacles on nose and pouch on side;

His youthful hose, well saved, a world too wide

For his shrunk shank, and his big manly voice,

Turning again toward childish treble, pipes

And whistles in his sound. Last scene of all,

That ends this strange eventful history,

Is second childishness and mere oblivion,

Sans teeth, sans eyes, sans taste, sans everything.

विश्व वाकई एक रंगमंच है!

मैंने एक दिन वहीं बालकनी में बैठी माँ को देखकर इशारे से पूछा...

‘कैसी हो माँ ?’

वह मुस्कुराई…मुझे लगा कि बहुत सारी माएं मुस्कुरा रही हैं। मुझे लगता है कि वह जब भी मुस्कुराती है तो बहुत से लोगों को ठीक वैसा ही लगता है जैसा मुझे उस वक़्त लगा जब मैंने माँ को मुस्कुराते हुए देखा और यह भी कि माँ का शहर में होना कितना सुकूनदायक हो सकता है।

फिर मेरा एक रूटीन बन गया, मैं रोज़ सुबह सामने का दरवाज़ा खोलने लग गया जो अमूमन बंद रहा करता था। ऐसा लगता था माँ भी मेरी ही तरह दरवाज़े की ‘चीं’ जैसी आवाज़ की अभ्यस्त हो गई थी। ज्यों ही दरवाज़ा खुलता मेरी और माँ की दृष्टि लगभग एकरेखीय होती। यह बात अलग थी कि रेलिंग की सीखचों के बेहद क़रीब होने की वजह से माँ को मुझे देखने के लिए अपना सिर आड़ा तिरछा करना पड़ जाता। फिर वह एक सही एंगल पर आकर आँखों को स्थिर कर लिया करती। मैं दरवाज़ा खोलता और माँ के वे तमाम एक्शन अपनी आंखों के कैमरे  में बाख़ूबी क़ैद कर लिया करता। माँ के चेहरे पर दरवाज़ा खुलते ही एक मुस्कराहट तैर जाती और उसका बायां हाथ उठकर माथे तक चला जाता। यह सब कुछ बड़े स्वाभाविक तरीके से होता और मुझे हमेशा लगता कि माँ मुझे आशीर्वाद दे रही है; या शायद मेरे और बल्कि कहें हम सबके अवचेतन में ‘माँ’ और ‘आशीर्वाद’ दो शब्द आपस में इस तरह गुंथे हुए थे कि मैं उनके एक्शन को आशीर्वाद से बड़ी आसानी से जोड़ लेता। जब मैंने अपने इस ख़याल  पर थोड़ा ग़ौर किया तो मुझे लगा कि उनके उठे हुए हाथ को हमेशा आशीर्वाद ही क्यों समझ लिया जाना चाहिए इसे कोई ज़रूरत या फिर विद्रोह क्यों नहीं समझा जाना चाहिए ! जैसे किंशुक की माँ के साथ हुआ। जब उन्होंने अगरबत्ती, पीतल की एक घंटी और भगवान की एक तस्वीर के लिए हाथ उठाया था, किंशुक की पड़ोसी अनन्या चौधरी के सामने। पहली बार उन्होंने जब हाथ उठाया था तो उनके हाथ को भी आशीर्वाद का पर्याय मान और जान लिया गया था। वे लगातार कईं  दिनों तक एक ही समय में एक ही तरीके से अपने हाथ ऊपर करती रही थीं। फिर अनन्या चौधरी को शक हुआ तो वे किंशुक के घर आकर माँ से मिलीं और तब जाकर यह खुलासा हुआ कि दरअसल जिसे अनन्या चौधरी ने आशीर्वाद समझ लिया वह माँ की ज़रूरत थी। उन्होंने अपनी बात अनन्या के सामने खुलकर रखी थी कि उन्हें वे सारी चीज़ें चाहिए  भगवान की एक तस्वीर एक अगरबत्ती और एक घंटी भी।

मैंने एक चीज़ और ग़ौर की, वह  ये कि माँ बालकनी में तीन वक़्त आया करती, सुबह दोपहर और शाम। सुबह जब माँ आती तो उनके पास एक कप रखा होता जिसमें, ज़ाहिर है चाय हुआ करती जब तक उनके कप  में चाय होती, माँ के दोनों हाथ चाय के कप पर कसे होते; उस दौरान वे कभी इधर- उधर नहीं देख रही होतीं। वे चाय की आख़िरी बूँद तक उसे पीती क्योंकि जबतक कप पूरा उलट न जाता वे उसे छोड़ती नहीं। उस दौरान वे सड़क की हर आहट को नज़रअंदाज़  कर दिया करतीं। माँ सुबह कोई दो एक घंटे बालकनी में दिखाई देती और फिर अगले चार घंटे वे ग़ायब रहतीं। उन चार गुमनाम घटों के दौरान वे क्या करती होंगी, इसपर मैंने काफ़ी  उहापोह की। शायद वे नित्यकर्म से निवृत्त होती हों या शायद ‘कुछ  न करती’ हों। क्योंकि मैंने पाया था कि जब से माँ शहर में आई थीं वे ‘कुछ न करने ‘ की अवस्था को जी रही थीं। ‘कुछ नहीं करने’ की अवस्था यानि जड़ता की अवस्था लेकिन ‘Inertia is also defined as the tendency of objects to keep moving in a straight line at constant velocity.’

बात दरअसल ये है कि जिसे हम जड़ता की अवस्था समझ रहे है वह असल में ‘कुछ न करने’ जैसी अवस्था नहीं है; और इसी प्रकार जिसे हम बहुत कुछ करने की अवस्था समझ रहे होते हैं वह कुछ नहीं करने की अवस्था भी हो सकती है। लेकिन लोक कहता  था कि ‘माँ अब कुछ नहीं करती हैं’ बहरहाल न करने और करने दोनों ही अवस्थाओं  में  माँ  मेरी विचार परिधि के अंदर ही होती और मैं भरा-भरा सा महसूस कर रहा होता। मुझे लगता कि सब ठीक-ठाक हो रहा है क्योंकि माँ मेरे इर्द-गिर्द है ठीक वैसे ही जैसे बचपन में माँ का होना किसी सुरक्षा कवच की तरह हुआ करता, ठीक वैसे ही जैसे मैं नन्हा सा उसकी बृहद काया में समा जाता, जब वह अपनी बांहों का मेरे इर्द-गिर्द एक घेरा- सा बना दिया करती और मुझे लगता कि दुनिया बड़ी सुरक्षित सी कोई जगह है। माँ का शहर में होना मुझे अब भी वैसा ही अहसास दिलाता था भले ही उसके बाहों के घेरे मेरे इर्द-गिर्द न थे और मेरी काया भी अब विस्तारित हो गई है और माँ की काया कतिपय संकुचित। लेकिन यह सब सिर्फ भौतिक स्तर पर ही हुआ है मानसिक स्तर पर  अब भी सब कुछ वैसा ही है  । मुझे यह भी लगा कि मैं बेहद स्वार्थी हो रहा हूँ और उसी प्रकार और भी बहुत से लोग बेहद स्वार्थी हो रहे हैं कि वे माँ को शहर में पाकर खुद को समृद्ध बनाने की कोशिश में लगे हैं; वे सब  देख पा रहे कि  माँ का शहर में होना उन्हें  समृद्ध कर रहा है मगर माँ पल- पल छीज रही है।  मैंने ग़ौर किया कि माँ ज़यादा   सहज और समृद्ध हुआ करतीं जब वे ज़मीन पर होतीं और जब वे पेड़ों के इर्द-गिर्द और पहाड़ों के पास और परिंदों के क़रीब होतीं। ऐसे समयों में मुझे लगता कि बालकनी की वे सीखचें जिन्हें उसने थाम रखा है और जो सहारे का अहसास  दिला रही होती हैं असल में उसे कारावास जैसा अहसास भी दिला सकती हैं। माँ जो हमेशा से आज़ाद बिचरने की अभ्यस्त हैं हो न हो यहाँ ज़मीन की मोहताज़ हो जाया करती होंगी; या फिर माँ जो आकाश को नीला देखने की अभ्यस्त होंगी यहां धुंए से भरे स्लेटी आकाश को देखकर कंफ्यूज हो जाया करती होंगी। एक दिन मैंने खुद को झिड़क भी  दिया था कि

‘कभी कभार माँ की तरफ से भी सोच लिया करो’

 और उस दिन मैंने माँ की देह के भीतर धड़कते दिल और दरकते अहसासों को ठीक वैसे ही आर-पार देखा था जैसे पिछले बरस टूटी हुई हड्डी को देखने के लिए डॉक्टर असद ने एक्सरे शीट को ऊपर की तरफ किया था और मेरी देह के सत्य रोशनी में उजागर हो गए थे। माँ उस दिन मुझे हाड़-मांस का चलता हुआ एक इंसान लगी थी अन्यथा मैं उसे हमेशा ही कुछ अलग ज़मीन से थोड़ा ऊपर उठा हुआ, भगवान जैसा कुछ समझता आया था;  या फिर भगवान से भी ऊपर  कुछ ऐसा, जिसे छूआ जा सके, जिससे कुछ भी मांगा जा सके, जो निराकार न हो या फिर बुत की तरह कठोर भी न हो। मुझे लगा बड़ी शिद्दत से कि 'माँ के दूध का वास्ता' या 'माँ के दूध की बत्तीस धारायें जिसका मोल ना चुकाया जा सके' जैसे शब्दजाल के मोह से बाहर निकलना बेहद ज़रूरी है उस दिन मैं माँ की वेदनाओं मैं रुमानियत की तलाश बंद की जानी  चाहिए और यह भी कि  हमें  प्रसव पीड़ा पर कवितायें करना अब बंद कर देना चाहिए और इसे उपमा की तरह इस्तेमाल करना भी !

उस दिन मैंने बड़ी शिद्दत के साथ यह भी महसूस किया कि माँ हमेशा ज़मीन पर ही रहना चाहती है मैंने देखा जब कभी भी उसे ज़मीन से ऊपर उठाने की कोशिश की जाती या फिर कहें ज़मीन अलग करने की कोशिश की जाती, वे बेचैन हो जातीं, ठीक वैसे ही जैसे किसी बच्चे को  जाइंट व्हील पर ये कहकर चढ़ा दिया जाए कि  ऊपर चढ़कर  आनंद आएगा, दुनिया  पूरी और मुकम्मल  नज़र आएगी और वहां  जाकर उसे महसूस हो कि  ऐसा कुछ भी नहीं! बल्कि जो है, वो ख़ौफ़नाक सा कुछ है।

लेकिन बावजूद इन सबके माँ का शहर में  होना मेरे  लिए बंधना   है। मैं  हर  बार जब घर लौटता  और चाबी को ताले में  घुमाते हुए पीछे मुड़कर देखता और  माँ अगर बालकनी में  दिखाई दे जाती है तो इत्मीनान हो जाता और न भी होती है तो उसके होने के अहसास से भर जाता क्योंकि  मुझे पता होता है कि  वह बालकनी में नहीं तो क्या वह कमरे के अंदर है  ही, बस दिखाई नहीं दे रही।  मुझे महसूस होता कि यह एक सर्वव्यापी अहसास है।  और हर शहर के हर उस अकेले व्यक्ति के साथ लगा हुआ है जो अपने घर का ताला खोल रहा है।

वह एक छुट्टी  का दिन था;  छुट्टी  के दिन मैं  शहर में तफ़रीह करता; ऊँची अट्टालिकाओं को सर उठा कर देखता ताकि ख़ुद  के बौनेपन से हमेशा वाकिफ़  रह सकूँ; मॉल के एस्केलेटरों से बेवजह नीचे से  ऊपर और ऊपर  से नीचे जाता ; विंडो में  लगी मैनिकिन  की सुडौल देह पर मुग्ध होता और फिर ‘कुछ नहीं’ करता, वैसे ही जैसे माँ इन दिनों 'कुछ नहीं' कर रही थी।  ऐसे छुट्टी के दिनों में मैं शाम को घर लौटना बिलकुल पसंद नहीं करता और  देर रात किसी बड़े रेस्तरां में खाना खा कर लौटता। लेकिन उस दिन की बात कुछ अलग थी; माँ शहर में थी, तो मैं रात के पहले ही लौट आया। चाबी को ताले  में घुमाते हुए मैंने पलट कर देखा तो माँ वहां नहीं थी ; मैंने कलाई पर बंधी घड़ी पर नज़र डाली ज़्यादा वक़्त  तो नहीं हुआ था ये समय तो माँ के निश्चित बालकनी में  होने का था। मैं  चाबी को लगातार ताले  में घुमाए जा रहा था, बिना यह जाने की उस घुमाए जाने  का परिणाम क्या हो रहा है। बिना यह जाने कि ताला  दरअसल खुल चुका था और दरवाज़ा भी; और भी बहुत कुछ था जो खुला हुआ था जैसे दुकानें खुली हुई थी रेस्तरां खुले हुए थे लेकिन सब कुछ बेकार से लग रहे थे खुली हुई चीज़ें बंद- बंद सी लग रही थीं। मैंने दरवाज़े को यूँ  ही खुला छोड़ दिया और वापिस जाकर सामने वाले घर की  कालबेल दबाई जहाँ माँ थी; कुल जमा चार बार कालबेल बजने के बाद खिड़की का पर्दा सरका...

‘वापस!! मैं बुदबुदाया झांकते हुए चेहरे  ने मेरे सवाल को पकड़ लिया था शायद

‘अनंतपुर…’

‘तो क्या वे फिर कभी…’ मेरा एक हाथ कमर पर था और दूसरा ऊपर खिड़की की तरफ;खिड़की का पर्दा वापस गिर चुका था और मेरा सवाल हवा में टंगा हुआ  था।

मैं मुड़ा  ही था कि पर्दा फिर हटा… शायद सवाल ऊपर खिड़की तक  पहुँच चुका था।

‘वे वहां रहना पसंद करती हैं।’ जवाब मिला और पर्दा वापस गिर गया।

मेरे पास ढेर सारे सवाल थे, वापस लौटकर खुले छोड़े  गए दरवाज़े से मैं अंदर बरामदे में दाख़िल  हुआ; उन तमाम प्रश्नों को मैंने वहां रखी मेज़ पर रख दिया और सामने वाली  कुर्सी पर बैठकर उन उन्हें  निहारने लगा।

Friday, December 22, 2023

इमरोज़ के नहीं होने का अर्थ

इमरोज़ के नहीं रहने का अर्थ!!
सुनो!
तुम्हारे नहीं रहने का अर्थ 
रंगों का बिखर जाना भी है।
तुम्हारे नहीं रहने का अर्थ एक किंवदंती का नहीं रहना भी है
तुम्हारे नहीं रहने का अर्थ एक कहानी का नहीं होना भी है
तुम्हारे नहीं होने का अर्थ किसी ख्वाब का नहीं होना भी है
तुम्हारे नहीं होने का अर्थ किसी पहेली का नहीं रहना भी है
तुम्हारे नहीं रहने का अर्थ
गुमनाम का इतिहास हो जाना भी है
तुम्हारे नहीं रहने का अर्थ
प्रेम का बचे रह जाना भी है!!
अलविदा इमरोज़।
ममता 22/12/23

Tuesday, November 28, 2023

पहाड़ और मनुष्य

पहाड़ और मनुष्य
सुनो!
क्या तुमने कभी पहाड़ को बोलते हुए सुना है...
क्या तुमने कभी पहाड़ को सोते हुए देखा है...
क्या तुमने कभी पहाड़ को सोचते हुए देखा है...
क्या तुमने कभी पहाड़ को रोते हुए सुना है...
पहाड़ और मनुष्य में कोई अंतर नहीं है!!
@ममता 28/11/23
उत्तरकाशी में सत्रह दिन ।

Saturday, November 25, 2023

घर

घर-1
सुनो!
मैं जब भी लौटता हूं घर
अपने साथ लेकर लौटता हूं
कुछ  सब्जियां
कुछ लून ओ तेल
कुछ चिल्ल पों
दोस्तों से हुई नोंक झोंक
बहुत सारी धूल
थोड़ा सा दफ़्तर
अवसाद और उदासी
खुशखबरी कभी कभार
और तुम बारह बार
बार बार
मुझे हंसकर अपने आगोश में लेते हो!
और भरकर रख देते हो वह सब 
अपने ही किसी अंधेरे कोने में एक गठरी में
वह सब जो मैं लेकर लौटता हूं 
घर-2
सुनो!
आज सफाई के दौरान
घर के एक अंधेरे कोने से निकली
एक गठरी
जिसमें
साल भर का सामान था
थोड़ा सा अवसाद
कुछ आंसू जो किसी के व्यवहार से उपजे थे और जिन्हें मैं बटोर कर ले आया था
कुछ पुराने दस्तावेज़ स्मृतियों के
थोड़ी बहुत खुशखबरियां
और 
दुर्व्यवहार अजनबियों का कभी मित्रों का भी
यह सब था उस गठरी में
लेकिन फिर भी कोई बदबू नहीं आई
घर! सब कुछ समेटते रहे तुम
मौन औ निष्कलंक रहे तुम!
@ममता नवंबर एक2023

Wednesday, November 22, 2023

ज्ञान...

अंतहीन यात्रा का भी अपना अलग सुख है!!
ज्ञान की यात्रा भी कुछ ऐसी है..कोई मंज़िल नहीं.. सिर्फ़ और सिर्फ़ यात्रा..
आपने कुछ जान लिया है ..यह तो सुखद है और आपको बहुत कुछ जानने को बच रहा है..यह अपरिमित आनंद और ऊर्जा का विषय है।
संगत में वागीश शुक्ल जी और अंजुम जी वार्ता सुनकर ऐसा ही लगा।
ममता 22/11/23

Friday, March 24, 2023

सुनो!

पड़ा और खड़ा
सुनो!
जब मैं शब्दकोश में पड़ा और खड़ा का अर्थ देख रहा था
वह सड़क पर पड़ा था और मैं सड़क पर खड़ा था।
जब मैं नींद की बेहतरीन और कम नुकसानदेह दवाइयां तलाश कर रहा था
वह सड़क पर बिना हिले डुले पड़ा था
और मैं सड़क पर बेचैन सा खड़ा था
जब मैं अपने एक अकाउंट के हैक हो जाने की सन्हा दर्ज कर रहा था
तब भी वह सड़क पर बेसुध पड़ा था
और मैं माथे पर हज़ार रेखाएं लिए खड़ा था
और  जब मैं अपनी स्मार्ट घड़ी के आंकड़ों पर खुश हो रहा था
वह  सड़क पर बिना हरकत पड़ा था!!
और मैं सड़क पर.....
ममता

Thursday, January 13, 2022

सुनो!!

सुनो!!
कल कुछ ऐसा हुआ
कि मैंने एक कविता को पढ़ा,
फिर पढ़ा,
फिर एक बार पढ़ा,
कविता सांस के साथ थी,
कविता स्वस्थ और भली थी,
कविता हंसी के साथ थी,
कविता का दिल भी धड़क रहा था,
कविता बाअसर थी,
बावजूद मैंने उसे उठाया,
और आपरेशन टेबल पर धर दिया,
और उसका डिसेक्शन करने लग गया!
मुझे कुछ हासिल न हुआ!
कविता ने कल  आपरेशन टेबल पर दम तोड़ दिया!!
आज तिथि 14/01/20220 को

Friday, December 10, 2021

सुनो!!

जुगराफ़िया...
सुनो!
मेरा और तुम्हारा जुगराफ़िया अलग अलग है
तुम्हारे जुगराफ़िया में अनंत संभावनाएं हैं
तुम एक किल्क में दुनिया नाप लेते हो
और मैं!
मैं एक कदम चलता हूं
और नज़रें जितनी दूर तक जाती हैं वहां तक सब देख लेना चाहता हूं
तुम्हारे जुगराफ़िया में ख़ूबसूरती  और स्थिरता है
और मेरे जुगराफ़िया में ख़ूबसूरती और जीवन है
तुम्हारे जुगराफ़िया में सब कुछ साफ़ और सुंदर है
मेरे जुगराफ़िया में थोड़ा सा सूफ़ियाना है
मेरे जुगराफिया में ख़ुशबू है
और तुम्हारे जुगराफिया में ख़ुशबू नदारद है
तुम्हारा जुगराफ़िया तुम्हारे 10 बाई12 के कमरे से बाहिर नहीं आ या कभी
और मेरा जुगराफ़िया किसी कमरे में सिमट न पाया कभी...
नहीं नहीं मुझे कोई शिकवा नहीं है
मैं तो बस कहना चाहता हूं
कि मेरा और तुम्हारा जुगराफ़िया
अलग अलग है!!
ममता

Sunday, March 21, 2021

World Poetry Day

World Poetry Day
सामान और सम्मान
सुनो!!
मेरे पास है,
थोड़ी सी धूप,
छांव थोड़ी सी,
रात थोड़ी,
पेड़, पहाड़, चांद थोड़ा- सा,
दूसरों के ग़म और खुशियां थोड़ी,
बारिश और हवाएं थोड़ी,
थोड़ी सी हंसी और कभी आंसू भी थोड़े से,
ये सारे के सारे हैं कविता के सामान  मेरे पास!
कितना समृद्ध महसूस करता हूं मैं,
जब चाहे जहां चाहे बस इनमें से
लेकर थोड़ा - सा सामान गढ़ लेता हूं
मैं एक कविता!
इस सामान से बढ़कर मेरे लिए
क्या होगा कोई सम्मान!!
मश

Tuesday, February 16, 2021

सुनो!!

सुनो!!
कहां हो तुम सब,
दुबले-पतले,
मैले कुचैले,
बेपरवाह!
बिंदास!
हर साइज़ और हर उम्र के,
वसंत की आहट मिलते ही
हाथों में पर्चियां पकड़े
चंदा जमा करते तुम सब!
लानत-मलानत झेलते,
रात भर बांस और बल्लियों को खड़ा करते,
कभी फिल्मी धुनों पर मटकते,
इस बार तुम आए नहीं,
मगर मुझे बहुत याद आए तुम सब,
मैंने भी पिछली बार कुछ उपदेश दे डाले थे लगे हाथों ,
जब एक इतवार चाय के वक्त,
 दरवाज़े पर घंटी बजाई थी तुम सबने,
मैं देख नहीं पाया था दरअसल,
तुम्हारी आस्था--
जो बांस और बल्लियों के घेरे में थी,
साड़ियों और दुपट्टों की जुगत में थी,
रंग बिरंगे कागज़ों के फूलों में भी,
मैं समझ नहीं पाया था कि तुम,
मैनेजमेंट का पहला पाठ ले रहे थे,
मैं तो सोचता था शायद तुम स्वर्ग से मां के अवतरित होने की प्रतीक्षा में हो!!
मैं प्रतीक्षा करूंगा...
अगली बार
बार - बार
कि तुम आओगे..
वैसे ही 
हाथों में पर्चियां पकड़े
चंदा जमा करते तुम सब!!
मश
15/02/2021

Friday, February 5, 2021

सुनो!!

सुनो!!
शहर...
मैंने ही देखे थे सुविधाओं के ख़्वाब,
चौड़ी और चिकनी सड़कें,
अट्टालिकाएं, बाज़ार,
सरपट भागती चमचमाती गाड़ियां,
और भी बहुत कुछ ज़िंदगी को
ख़ूबसूरत बनाने के सामान!
फिर मैं क्यों उकता गया हूं!!
मुझे चाहिए साफ हवा,
हरे पेड़
जंगल
नीला आसमां
टिमटिमाते तारे
जुगनू
बीरबहूटी
इकहरे मकान
और वह सब कुछ जो गुम हो गया है...
क्या तुम लौटा सकते हो वह सब कुछ!!
मश

Tuesday, January 26, 2021

गणतंत्र

सुनो!!
मैंने ख़रीद लिए थे दो छोटे तिरंगे
कल रात ही दस -दस रूपए के,
और चिट्टे श्वेत दो जोड़ी कपड़े भी
तैयार कर लिए थे अपने लिए,
 देशभक्ति गीत पुराने नये भी सुन
ही रहा हूं सुबह से,
गणतंत्र मय हो गया हूं एक बार फिर,
उत्सव मय हो गया हूं  एक बार फिर,
आह्लादित हूं !!
भर आया हूं देशभक्ति से!!
मगर इसके आगे भी जाना चाहता हूं मैं,
हर गणतंत्र में,सोच रहा हूं...
सिर्फ़ यहीं क्यों रूक जाता हूं मैं!!!
मश

Saturday, January 9, 2021

खे़द सहित...

ख़ेद  सहित....... 

मान लीजिये अ एक महत्वपूर्ण पत्रिका के संपादक हैं और ब एक राइटर। अगर हम कह दें कि अ और ब के  constructive interference से ही एक बेहतरीन पत्रिका तैयार हो सकती है तो अतिश्योक्ति नहीं होगी । 

तत्काल सन्दर्भ के लिए इसे यहां उद्धृत किया जाता है.... 

‘When two waves come close to one another, their effects add together. If the crests, or highest parts of the waves, line up perfectly, then the crest of the combined wave will be the sum of the heights of the two original crests. Likewise, if the lowest parts of the waves (the troughs) line up just right, then the combined trough will be the depth of the two original troughs combined. This is known as, in which two waves (of the same wavelength) interact in such a way that they are aligned, leading to a new wave that is bigger than the original wave.’


एक विचाराधीन रचना पर एक संपादक ने प्रश्न किया। प्रश्न ऐसा था जिससे यह पता चलता था कि संपादक ने रचना को बड़ी बारीकी से पढ़ा है। रचनाकार  के लिए यह बड़ी सुकून की बात थी कि उसकी रचना को बारीकी से पढ़ा गया। मगर रचना के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर संपादक ने एक बेहद अनाड़ी सा प्रश्न कर दिया यह एक सुस्वादु भोजन में अचानक आ गए पत्थर की तरह था। 

लब्बो लुआब …. 

राइटर महत्वपूर्ण है…  

 संपादक महत्वपूर्ण है… 

संपादक मगर इसलिए महत्वपूर्ण नहीं कि वह एक ऐसे पद पर आसीन है जहाँ से वह रचना के अच्छे और न अच्छे होने का निर्णय  कर सकता है। वह महत्वपूर्ण  है कि एक रचना के महत्व को पहचानने का दारोमदार उसी पर है। 

अब प्रश्न यह है कि रचना के अच्छे और अच्छे न होने की पहचान  क्या  हो।  तय कौन करे कि अमुक रचना अच्छी है या अच्छी नहीं है क्योंकि राइटर को तो अपना कहा लिखा हमेशा ही अच्छा लगेगा और वह उसके अच्छे होने के सौ तर्क दे देगा। 

तो दरअसल रचना पानी के तल में पड़े किसी ऑब्जेक्ट की तरह होती है। उसे देख पाने के लिए पानी का साफ़ होना और देखने वाले की नज़र का साफ़ होना ज़्यादा ज़रूरी है। इन दोनों के साफ़ होने पर यह पहचानने में कोई दिक़्क़त नहीं होनी चाहिए कि राइटर ने जो लिखा है वह सिर्फ़ लिखने के शौक में लिख डाला है या कि वह वाक़ई कुछ महत्वपूर्ण कहना चाहता। अपनी आवाज़ अवाम तक पहुंचाना चाहता है, पाठक तक पहुंचाना चाहता है। 

मश 

10/01/2021 


Saturday, December 12, 2020

सुनो!!

सुनो!!
घर का हर सामान मेरी प्रतीक्षा में है...
गेट पर पड़ा अख़बार,
सोफे पर पर पड़ी कमीज़,
रसोई के धुले-अनधुले बर्तन,
स्टडी में बिखरी किताबें,
और शेल्फ पर पड़ी धूल,
बकुल कथा..
हीली बोन की बत्तखें..
गौड हेल्प द चाइल्ड..
और भी बहुत कुछ अनपढा़,
बुक एंड के पीछे!!

Saturday, November 14, 2020

प्रकाश पर्व

सुनो!!

कितना प्रकाश है बाहर!
मुझे  अपने अंदर भी उतारना है ,
थोड़ा सा प्रकाश!
कि अंदर का अंधेरा मिट जाए!

कितना उत्सव है बाहर!
मुझे अपने अंदर भी उतारना है ,
थोड़ा सा उत्सव!
कि अंदर का विषाद मिट जाए!

कितना सौंदर्य है बाहर!
मुझे अपने अंदर भी उतारना है ,
थोड़ा सा सौंदर्य!
कि अंदर का मालिन्य मिट जाए!!
मश

Friday, November 6, 2020

कहानी

रिटायरमेंट क्या है!
सेवानिवृत्ति या अर्द्ध विराम या फिर पूर्ण विराम!
या इन सबसे अलग कुछ और ही!!
मित्रों पढ़ें मेरी एक कहानी जो literature Point.com में पिछले दिनों प्रकाशित हुई।

Saturday, October 24, 2020

रावण

सुनो!!
मैं रावण...
अब बंद कर दो मुझे जलाना
साल दर साल तुम मुझे जला रहे हो
और मैं हर बार जी उठता हूं ठंडी राख से
और जी उठता हूं पूरी ताकत से
तुम बंद करो खामखां खुश होना
कि तुमने मुझे जला डाला है
मुझे जलाने से पहले
प्रश्न करो उस सत्ता से
जिन्हें प्रसन्न करके मैंने
प्राप्त किए थे वरदान
प्रश्न करो कि क्यों तप से
हासिल हो जाना चाहिए
सब कुछ
प्रश्न करो कि
क्यों वरदान वापिस नहीं लिए जा सकते
प्रश्न करो उस सत्ता से
कि देने के बाद ले लेने की ताकत
क्यों नहीं अर्जित की उसने
बुराई पर अच्छाई की जीत के मुहावरे
अब बासी हो चुके हैं
ज़रा तह में जाओ
गढो कोई नया मुहावरा
और सामने लाओ 
न ए प्रश्न!!
मश

Thursday, October 22, 2020

कहानी

कहानी 
मां तुम मदर  इंडिया क्यों नहीं बन गई

मुझे नहीं पता कि तुम ये पत्र पढ़ पाओगी भी या नहीं मगर हर ख़त पढ़ने के लिए लिखा भी तो नहीं जाता ।                                        मेरे लिए यह ख़त  वह सब कुछ कहना सुनना चाहता है जो मैं किसी और को कह या सुना नहीं सकती । हो सकता है यह ख़त यूं ही  संदूक के किसी कोने में पड़ा रह जाए या फिर यह भी हो सकता है यह ख़त कभी छुपाने के लिए किसी किताब के अंदर रखा जाए और वहीं दबा रह जाए और फिर किसी दिन पीला ज़र्द होकर और टुकड़े-टुकड़े होकर अस्तित्व हीन हो जाए; मगर मेरे लिए इसका होना या ना होना या अपनी मंजिल तक पहुंचना उतना मायने नहीं रखता, मेरे लिए तो बस यह एक आस है ; मेरे मन का एक आईना है।
 मां हम दो ही तो थे मैं और क। मैं जानती थी कि हम दोनों को ही तुमने अपनी कोख से जन्म दिया था यह तो तुमने बहुत बहुत बाद में बताया था कि क और मेरे बीच का 6 साल का फासला ख़ाली नहीं था।  उसमें भी तुम्हारी कोख से किसी ने जन्म लिया था; क्या पता वह कौन था शायद उसे तुम्हारी कोख नसीब नहीं थी । मैं जानती हूं आज तुम बेहद उदास होगी; कौन मां होगी ऐसी जो ऐसी घटनाओं से विचलित नहीं हो जाए हर मां होती होगी मुझे नहीं पता मां तुम्हारा विचलित होना कितना क के लिए है और कितना क के किए के लिए ।मैं तुमसे सवाल नहीं करना चाहती मां तुमने तो मुझे सवाल करने का हक़  कभी दिया भी नहीं । याद करो मां जब हमने शहर बदला था तब जबकि बौजी ज़िंदा  थे और क का और मेरा स्कूल बदलने की बारी आई थी तो तुमने मेरे लिए सरकारी स्कूल चुना था और क को तुम 20 किलोमीटर दूर एक अंग्रेजी स्कूल में भेजने का ख्वाब देख रही थी ।सच कहूं मां मुझे उस दिन अच्छा नहीं लगा था। क्यों उस  दिन मुझे अच्छा नहीं लगा था यह मुझसे कोई उस दिन पूछता तो मैं बता नहीं पाती क्योंकि मैंने तो हमेशा से यही देखा था कि क के लिए तुम कैसे जान निछावर किया करती थी । मुझे भी वही सब सही लगता था । लगता था कि सब ठीक-ठाक है इसमें कुछ भी अलग नहीं है क का दुनिया में होना कितना ज़रूरी है और बाकियों का होना ना होना बराबर है।   इतनी शिद्दत से यह बात लगती थी कि मैं अपनी दुनिया में होने की बात भूल जाया करती थी। और तुम भी तो मां तुम्हें भी तो यही लगता था कि दुनिया में मेरा और तुम्हारा होना तो हो ही जाएगा लेकिन क और बौजी का होना कितनी बड़ी बात है; उसके लिए तुम कितनी कोशिश किया करती थी। सच बताना मां तुम किसके लिए दुखी हो आज क के लिए   किए के लिए। तुमने भी तो कितने दुःख सहे  मां, बौजी जब तक रहे तुमपर  आतंक करते  रहे और तुम भी सहती रही  वह सब।  तुम कितनी नार्मल थी माँ वह सब झेलते हुए।  आख़िर  तुमने बौजी के जाने के बाद भी घर की दहलीज़  पार की।  म गर बौजी के रहते तुम इतनी कमज़ोर  क्यों बनी रही।  मुझे वह दिन बहुत अच्छी तरह याद है जिस एक  दिन क के सामने और मेरे सामने बौजी ने पहली बार तुम्हारे बाल कस कर पकड़ लिए थे. क यह सब देख कर तुम्हारे साथ चिपक  गया था।  उस दिन तुमने घर की दहलीज़  क्यों नहीं पार कर  रही थी  मां ;अगर तुम उसी दिन घर की दहलीज़  लाँघ  जाती तो हो सकता है  इस कहानी का अंत कुछ और ही होता।  क उन दिनों कितना मासूम था मां  और तुम भी कितनी भोली थी। 
मैंने भी उसी दिन ही तो पहला पाठ पढ़ा था औरत और मर्द के रिश्ते का। उसी दिन पहला पाठ पढ़ा था मर्द और औरत के रिश्ते का इससे पहले तो बौजी सिर्फ बौजी थे और मां सिर्फ मां थी। लेकिन उस दिन बौजी ने जब तुम्हारे बाल खींचकर तुम्हें मारा था तो मर्द हो गए थे और तुम औरत।  तुमने बताया था कि बौजी की मार में दरअसल अत्याचार जैसा कुछ नहीं था और यह बताया था कि मर्द का मज़बूत होना ही प्रकृति है..उस दिन मेरा भी मन हुआ था ताकतवर बनने का शायद इस दर से कि कहीं कोई किसी दिन  मुझे भी  ऐसे ही .....
 हम दोनों मूकदर्शक थे।  हम कर भी क्या सकते थे।  उस दिन बौजी मुझे तो कल्पनाओं के दानव  लगे थे मां और मां पता नहीं क  को बौजी कैसे लगे थे शायद डरावने  या शायद बहुत ज्यादा शक्तिशाली; मगर मुझे तो उसके बाद बौजी कभी अच्छे नहीं लगे मेरे अंदर भी समझ नहीं थी मगर फिर भी मन में डर  और उदासी जैसी कोई चीज़  भर गयी थी।  बौजी  उसके बाद कभी अच्छे नहीं लगे उस दिन भी नहीं जिस दिन  अस्पताल में बिस्तर पर पड़े हुए खाली  आंखों से तुम्हें देख रहे थे। उनकी आंखें कितनी बड़ी बड़ी लग रही थी बड़ी और डरावनी भी।  तुम क्यों रोई थी उस दिन माँ।  मुझे तुम्हारा रोना बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगा था। सच कहो माँ  तुम बौजी के जाने से दुखी थी या तुम्हें मेरी और का की परवरिश की चिंता सताती थी।  उस दिन बौजी दुनिया छोड़कर चले गए  थे लेकिन अपना एक अंश  छोड़ गए थे। 
बहुत कुछ याद आता है माँ ---  याद है ना मां पीली ड्रेस जो मैं अन्ना  के साथ जाकर अपनी फीस के पैसे से ले आई थी और तुमने कहा था कि मैं दिनभर फैक्टरी में खटकर तुम्हें पा लूं और तुम फीस के पैसे से उड़ाओ।  जब भी मैंने वो ड्रेस पहनती थी  मुझे तुम्हारी वही बात याद आती  थी इसीलिए एक दिन मैंने उसे संदूक में  बंद कर दिया था और फिर जब उसे निकाला था तो मैं उससे  बहुत बड़ी हो चुकी थी।  मुझे उससे बड़ा हो जाना बहुत अच्छा लगा था मां क्योंकि मैं उसे कभी पहनना ही नहीं चाहती थी। क को तुमने ऐसा कुछ कभी नहीं कहा जब वह शाम को देर  से बाहर रहने लगा तो तुम डरने लग गयी थी ..यह डर तुम मुझसे बाँट लिया  करती थी लेकिन हर बार जब क बाहर से आता तो तुम उसके सामने पानी हो जाएगा करती ; तुम्हारी आवाज भी धीमी हो जाती। कभी-कभी तो तुम्हारी आंखें भी भर आती थी, जब तुम उसके सर पर हाथ फेरती और मुझे लगता मुझे भगवान ने क क्यों नहीं बनाया।  आज मैं तुम्हारे सामने एक सच बयान करना चाहती हूं  कि मेरी गुस्ताख़ियों को जब तुम माफ नहीं करती थी तो मैं  भगवान के सामने जाकर यही मानती थी कि अगले जन्म में मुझे क होना है।  क और मैं एक साथ बड़े हो रहे थे मैं 6 साल आगे और वह मुझसे 6 साल पीछे। मगर तुम्हारी नज़र में सिर्फ मैं बड़ी हो जाती थी और क हमेशा छोटा रहता था।  एक दिन जब मोहल्ले के लड़कों ने क की शिकायत की थी और वे सारे हमारे दरवाज़े पर आकर खड़े हो गए थे तब भी तुमने क को निर्दोष माना था और तुम बाकियों के  घर पर झगड़ने चली गई थी; तुम्हें लगा था कि यह सारे बाकी लोग इस बिन बच्चे बाप के बच्चे के पीछे पड़ गए हैं ; क्योंकि तुम्हें हमेशा यही लगता था कि क के सर से बाप का साया उठ जाने के कारण यह सब कुछ हो रहा है।  क सचमुच बड़ा हो रहा था उसकी आवाज़ बदल रही थी ; मगर वह पढ़ाई में पिछड़ने लग गया था एक दिन जब स्कूल से बुलावा आया तो पहली बार तुमने मुझपर अपना भरोसा जताया था और कहा था कि मैं भी स्कूल चलूँ क्योंकि वहां टीचर  जो कुछ कहेगी उसे मैं ही h hug d0,समझ सकती हूं।  उस दिन पहली बार तुम्हें दुखी होते देखा था।  इससे पहले क के लिए तुम हमेशा खुश ही रहा करती थी तुम तो उसे घर का चिराग , घर का इकलौता सहारा, परिवार और समाज  में तुम्हारी इज़्ज़त का सबब ही तो जानती और मानती आई थी।  उस दिन तुम्हें पता चला था कि उन तमाम दिनों में जब तुम सोच रही थी  कि क स्कूल जा रहा है असल में  वह कहीं और जा रहा था और उसके बारे में किसी को भी पता नहीं था कि दरअसल वह जा कहाँ रहा था।  स्कूल  वालों ने कह दिया कि एक मौका और देंगे अगर ऐसा आगे चलता रहा तो वे क को स्कूल से निकाल देंगे।   उस दिन पहली बार मां तुम्हें अपनी परेशानी को अपनी मैली साड़ी के पल्लू से पोंछते  हुए देखा था।   मैं तुम्हारे साथ साथ और सर  नीचे झुका कर चल रही थी।   मेरे अंदर हिम्मत नहीं थी कि मैं तुम्हारे चेहरे की तरफ देखूं।  उस दिन मैं तुम्हारी परेशानी में परेशान नहीं थी मैं खुश थी मुझे लगा था कि आज जब क शाम के समय घर आएगा तो तुम उसे वैसे ही कुछ सुनाओगी  जैसे तुम मुझे सुनाया करती हो लेकिन तुमने वैसा कुछ नहीं किया था तुम  तो फिर पानी हो गई थी।   याद है ना मां मैंने एक  दिन स्कूल से लौटकर  तुम्हें बताया था कि मदर  इंडिया में नरगिस दत्त ने अपने बेटे  को मार दिया था तो उस दिन तुम  अजीब नज़रों  से मुझे देखती रही थी।  
‘ऐसी अशुभ  बात नहीं किया करते’  तुमने यही कहा था
‘ मां भी कभी अपने बेटे को मारती है वह भी अपने हाथ से’ तुमने यह कहा था।  
‘उसने गलत काम किया था मां’ मैंने तर्क दिया था। 
‘ जिस दिन मां बनेगी उस दिन पता चलेगा क्या सही है और क्या गलत’
क अब नहीं बचेगा तुम जान गयी हो न माँ इसीलिए तुम जीते जी ऐसा कुछ देखना नहीं चाहती; और इसीलिए तुमने ख़ुद को ख़त्म करने के लिए -----तुम तो किसी  की भी माँ हो सकती थी माँ उसकी भी जिनके साथ क और उसके दोस्तों ने ----
डॉक्टर कहते हैं कि तुम ख़तरे   से बाहर हो जाओगी और तुम कहती हो तुम जीना नहीं चाहती और क को  तुम अब  भी मरने नहीं देना चाहती।   तुम बिस्तर पर पड़ी हुई अभी भी कहती हो कि उन चार लड़कों के बीच क नहीं था जिन्होंने लड़की को उस रात भजन सिंह की दुकान के सामने से अगवा कर लिया था। दो पल को मान भी लो कि क उन चारों में नहीं था मगर वे तीन ---उनका क्या माँ उन्होंने भी ऐसा क्यों किया तुम बाकी तीनों की भी तो माँ बन सकती हो। सच्ची बताओ माँ तुम क के लिए दुखी हो या क के किये के लिए। माँ उस पहले दिन जब बौजी ने तुम्हारे बालों को भींचकर  पकड़ लिया था तो मेरे अंदर एक बड़ा सा डर पैदा हो गया था, तुम्हारे अंदर सब कुछ ख़ाली था किसी  बड़े गहरे और सूखे कुँऐं जैसा ख़ाली  और क के अंदर डर उसी दिन मर गया था।  माँ  सब कुछ उसी दिन हो गया था और उसके बाद सब कुछ रक्तबीज  होता चला गया था !
 बस इतना ही.
 इतिश्री !
 

Saturday, October 3, 2020

जन्म दिवस पर विशेष


दीवारों में चिनी चीख़ों का महाप्रयाण----


समादरणीय सुधा अरोड़ा जी का संस्मरण ‘दीवारों में चिनी चीखों का महाप्रयाण’  सिर्फ़  एक संस्मरण नहीं अपितु  संस्मरण के माध्यम से सोचने विचारने के लिए वे उर्वर ज़मीन दे देती हैं। 

रचनाकार की कलम से  निकलता है जो  उसका विस्तार अनंत तक है।  सुधा जी का संस्मरण 'दीवारों में चिनी  चीखों का महाप्रयाण' शुरू होता है व्यक्तिगत रिश्तों  से और फिर रक्तबीज  बन जाता है कईं सवाल छोड़ता चला जाता है अपने पीछे  !

माँ सिर्फ़ पढ़ी लिखीं ही नहीं थीं कवितायें भी किया करती थीं उनके शब्दों में….

‘माँ ,जो शादी से पहले अपनी सधी हुई ख़ूबसूरत  हस्तलिपि में कवितायें लिखती थी ,अपनी सारी  रचनात्मकता या तो हम बहनों के लिए बचे खुचे डिज़ाइनर कपड़ों की फ्रिल वाली फ्रॉक सिलने में या सोया आलू ,गोभी और मूली के परांठे और तंदूरी लच्छेदार रोटी को उंगलियां चाट चाट कर खाने लायक बनाने में तलाश रही थी।’


माँ की अधूरी छूट गयी कवितायें उन तमाम गुमनाम स्त्रियों के दर्द की कही- अनकही दास्तां है जिन्हें  उस दौर से उस कालखंड से  गुज़रना पड़ा जहाँ स्त्री के कार्य क्षेत्र के खांचे तो फिक्स थे ही उन खांचों को बदलने या इधर -उधर करने की चाहतें दुनियावी भाग दौड़ में  कब कहाँ दफ़्न  हो जाया करतीं पता ही न चल पाता।  वे जब अपनी  मासी के जीवन के बारे में बताती है तो ऐसा नहीं लगता कि वे उस दौर की बात कर रही हैं यह दृश्य आज भी उतना ही सत्य और सामयिक लगता है बशर्ते आप किसी  ऐसे परिवार के क़रीब आये हों। जो बाहर  से सुख दिखे वह हमेशा सुख ही हो  यह ज़रूरी नहीं  उस सुख के पीछे कोई वेदना कोई बेबसी भी हो सकती है। मासी रईस परिवार में ब्याही है धन दौलत की कोई कमी भी नहीं मगर ---

‘उन दिनों नूं रानियां (बहु रानियां ) सिर्फ़ कहने को रानियां थीं ,औकात दासियों से बदतर थी। अपनी मर्ज़ी से कोई फैसला लेने की इजाज़त उन्हें नहीं थी--------मौसी के ससुराल में मौसा की जारी की गयी बड़ी सख़्त हिदायतें थीं कि मौसी दिन में चाहे अपने भाई के घर जायें या बहन के ,पर रात को उन्हें अपने घर लौटना ही है और इस हिदायत को मौसी ने ताज़िन्दगी निभाया।’

और वहां से आप कहीं भी ख़ुद  को कटा हुआ नहीं महसूस करते उस और इस कालखंड के बीच बहुत कुछ बदल गया मगर बहुत कुछ नहीं भी बदला !  जहां आपके सुख की परिभाषा दूसरे  तैयार करते हों वहां सुख

सही मायने में कैसे मिल सकता है।  

 संस्मरण और फिक्शन में शायद यही फरक होता है कि कथा में आप आसानी से सवाल खड़े कर सकते हैं लेकिन संस्मरण में या आत्मकथ्य में सच जैसा भी है हमारे सामने खड़ा होता है बिल्कुल नया नकोर सच और हम उसे नकार नहीं सकते। 

घर के क्रिया कलाप में ख़ुद  को रचा बसा देना देने वाली माँ , और अपने जीवन को अपने नए घर की तर्ज़ पर ढाल देने वाली मौसी के जीवन के संस्मरण को पढ़ते हुए प्रत्यक्ष और  अप्रत्यक्ष दोनों ध्वनियों को साफ़ -साफ़ और अलग -अलग सुना  जा सकता है। 

‘…. उस दिन की चीखें इसी कमरे के, इसी बिस्तर के आस पास की दीवारों में  भीतर तक समा गयी थीं --हमेशा हमेशा के लिए।  कभी दीवारों से बाहर नहीं आई। आज भी वे चीखें दीवारों में चिनी  हुई वही बैठी हैं ---और मेरे बिस्तर पर लेटते ही वे दीवारों से निकल -निकल कर मेरे सिरहाने  आकर बैठ जाती हैं।’


जिन  चीखों का ज़िक्र करती हैं वे उनकी कलम से  दीवारों के पार पहुँच जाती हैं। क्या उन चीखों बहुत सी स्त्रियां अपना ही स्वर नहीं सुन सकती हैं...शहर की स्त्रियां,गांव की स्त्रियां, पढ़ी लिखी स्त्रियां और बे पढ़ी स्त्रियां ,होम मेकर स्त्रियां, दफ़्तर जाती स्त्रियां!!

न जाने विवाह के समय नाम बदलने की परंपरा किस तर्क से शुरू की गयी होगी किसी ज़माने में मगर संस्मरण में वाहेगुरु सतनाम के बदलने पर,एक  सवाल जैसे फिर अपने पूरे  वजूद के साथ सामने खड़ा हो जाता है--- क्या वहीं  से शुरू हो जाता होगा औरत को  बदल डालने  का सिलसिला !!

‘माँ की शादी के सात साल बाद मौसी की शादी हुई। मौसी भी सरदारों के घर नहीं ब्याही और फेरों के वक़्त उनका नाम बदल कर संतोष रख दिया गया।  संतोष का संक्षिप्त संस्करण --तोष --नाम झट नानी के मुंह भी चढ़ गया।  बल्कि सभी मौसी को तोष या तोषी ही बुलाते।  हमें तो बहुत बाद में पता चला कि तोष मासी का पैदायशी नाम सतनाम था। तो वाहेगुरु वीणादेवी बनी और सतनाम संतोष ….’

माँ की मृत्यु के महज चार दिनों बाद मासी का गुज़र जाना----

'बीजी गहरी नींद सो गयी थी। सारी ज़िंदगी मौसा जी के कहने पर चलती रही थी। उनकी तर्जनी का इशारा समझती थी। मौसा जी की तर्जनी उठी और मौसी की आंखें नीची।  उनका कहा सर माथे लेती रही। अब बगावत पर उतर आयी थीं। उनकी शांत मुख मुद्रा कह रही थी -- अपने भैणजी --अपनी माँ --से मिलने से  अब नहीं रोक पाओगे मुझे। मैं कलकत्ता नहीं जा रही। उनसे वहीं मिलूंगी जाकर जहाँ वे गयी हैं। जहाँ से मुझे चाय देने के लिए आवाज़ नहीं दे पाओगे…’

जब वे कहती हैं कि

'मृत्यु ही दोनों बहनों के लिए मोक्ष थी'

तो एक पल को लगता  है…

क्या हम इस सच से थोड़ा भी आगे बढ़ पाए हैं ?

या फिर आज भी बहुतों के लिए मृत्यु ही आज़ादी का पर्याय है।

मृत्यु हमेशा आंखें नम कर ही देती है लेकिन यहां संस्मरण का हर वर्का और हर शब्द आंखें नम  कर देता है कभी ख़ुशी में तो कभी ग़म में। 

यह सुधा जी की ज़हीन लेखनी का असर है!!!